सबस्टेशनों में मशीनों का व्यापक अनुरक्षण कार्य संपन्न


कालपी (जालौन)। नगर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा सबस्टेशनों में मशीनों व उपकरणों का व्यापक अनुरक्षण कार्य कराया गया। यह कार्य उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान एवं अवर अभियंता की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

विभागीय अवर अभियंता सत्यप्रकाश गौतम ने बताया कि बीते 27 व 28 जनवरी को हुई बारिश के चलते सबस्टेशनों में स्थापित ओसीवी मशीनों में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई थी। इस कारण वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरी मशीन स्थापित कर आउटगोइंग सप्लाई चालू कराई गई थी। अब अनुरक्षण कार्य के दौरान सभी फीडरों की इनकमिंग व आउटगोइंग मशीनों के पैनल, रिले सहित अन्य तकनीकी उपकरणों की मरम्मत कर उन्हें दुरुस्त कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सबस्टेशन परिसर में 10-10 केवीए क्षमता के भारी ट्रांसफार्मर, केबिल, डिस्क इंसुलेटर आदि का भी अनुरक्षण किया गया। विभागीय कर्मचारियों द्वारा यह कार्य सतत रूप से किया गया, जिससे भविष्य में तकनीकी बाधाओं की संभावना कम हो सके।अवर अभियंता ने दावा किया कि अनुरक्षण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्युत आपूर्ति की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
फोटो परिचय-सबस्टेशन में अनुरक्षण कार्य का निरीक्षण करते एसडीओ व जेई

Post a Comment

Previous Post Next Post