खेल संघर्ष और संयम की भावना विकसित करते हैं- जिला पंचायत अध्यक्ष


--झांसी मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
उरई,(जालौन)। राजकीय इंटर कॉलेज, उरई के मैदान में झांसी मंडल की 36वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में झांसी, ललितपुर और मेजबान जालौन के कुल 530 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने दीप प्रज्ज्वलन व मार्चपास्ट से किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित अनेक गणमान्य अधिकारी व प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

 मुख्य अतिथि डॉ. अनुरागी ने कहा कि खेल संघर्ष और संयम की भावना विकसित करते हैं। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से अनुशासन व निष्ठा से भाग लेने का आह्वान किया। जिला बीएसए चंद्र प्रकाश ने स्वागत भाषण में कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं।

 प्रथम दिवस की एथलेटिक्स स्पर्धाओं में जोरदार मुकाबले हुए। उच्च प्राथमिक वर्ग में ललितपुर के सुमित ने 100 व 200 मीटर बालक दौड़ में दोहरी सफलता हासिल की। वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंजलि (ललितपुर) प्रथम रहीं। लंबी कूद बालक वर्ग में जालौन के साहिल ने बाजी मारी तो बालिका वर्ग में अंजलि ने एक और स्वर्ण पदक जीता।
  प्राथमिक वर्ग में 50 मीटर बालक दौड़ में बालमुकुंद व बालिका वर्ग में भाग्यश्री (दोनों ललितपुर) ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर बालिका दौड़ में मेजबान जालौन की आराधना ने प्रथम स्थान पाकर जनपद का मान बढ़ाया। लंबी कूद में अनिल पाल (ललितपुर) ने बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।प्रतियोगिता में झांसी के 170, ललितपुर के 165 और जालौन के 195 खिलाड़ी शामिल हैं। मेजबान जालौन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन मोहित गुप्ता एवं डॉ. कल्पना श्रीवास्तव ने किया। 
फोटो परिचय- बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में शपथ दिलाते डा.अनुरागी

Post a Comment

Previous Post Next Post