सक्षम युवा,समृद्ध किसान और सर्वग्राही रोजगार सृजन की परिकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज -डा.अनुरागी


उरई(जालौन)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का वित्तीय बजट सक्षम युवा, समृद्ध किसान और सर्वग्राही रोजगार सृजन की परिकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज है। जिला पंचायत अध्यक्ष जालौन डॉ. घनश्याम अनुरागी ने इस बजट को संतुलित, समावेशी एवं विकासोन्मुख करार देते हुए प्रदेश सरकार की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

   डॉ. अनुरागी ने कहा कि प्रस्तुत बजट में पूंजीगत निवेश को प्राथमिकता देते हुए नवाचारी योजनाओं का सृजन किया गया है। महिला, युवा एवं किसान केन्द्रित इस बजट में प्रदेश को तीव्र आर्थिक गति प्रदान करने की सुदृढ़ रणनीति दृष्टिगोचर होती है।
उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में किए गए क्रांतिकारी प्रावधानों की चर्चा करते हुए कहा कि नगरीय क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं के लिए वर्किंग वूमेन हॉस्टल की स्थापना तथा मेधावी छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने का निर्णय महिला स्वावलंबन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं के विवाह हेतु एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील कदम है।
शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को गति देते हुए छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए स्मार्टफोन वितरण योजना को बजट में स्थान दिया गया है। कृषि क्षेत्र में हरित ऊर्जा के संक्रमण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीजल पंपों को सोलर पंप में परिवर्तित करने की महत्वाकांक्षी योजना निश्चित रूप से किसानों की डीजल पर निर्भरता कम कर सिंचाई लागत में भारी कमी लाएगी।
डॉ. अनुरागी ने कहा कि सरकार ने शहरी निर्माण श्रमिकों के कल्याण के प्रति भी अप्रतिम संवेदनशीलता दर्शाई है। खुले आसमान के नीचे रोजगार की प्रतीक्षा करने वाले मजदूरों को अब आवासीय लेबर अड्डों की सौगात मिलेगी, जिससे उनकी सामाजिक गरिमा सुरक्षित होगी।
इस बजट की आत्मा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की सरकार की अटूट प्रतिबद्धता में निहित है। महिला सुरक्षा, गुणवत्तापरक शिक्षा, सर्वसुलभ स्वास्थ्य एवं सार्थक रोजगार की योजनाओं को सुदृढ़ता प्रदान कर यह बजट समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन स्तर में मौलिक परिवर्तन का वाहक बनेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत दसवें बजट ने समग्र एवं सर्वसमावेशी विकास की अटल आधारशिला रखी है। यह बजट स्वयं सहायता समूहों के प्रोत्साहन, युवा उद्यमिता के विस्तार और महिला सशक्तीकरण के अभूतपूर्व अवसरों के द्वार खोलता है।
अंत में डॉ. अनुरागी ने कहा कि प्रदेश के वित्त मंत्री डॉ. सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत यह बजट न केवल आर्थिक प्रगति का खाका है, अपितु सामाजिक समरसता एवं सांरचनिक सुदृढ़ीकरण का ऐसा दस्तावेज है, जो उत्तर प्रदेश को विकास के नवीन क्षितिज की ओर अग्रसर करेगा।
फोटो परिचय- जिला पंचायत अध्यक्ष जालौन डॉ. घनश्याम अनुरागी

Post a Comment

Previous Post Next Post