शिव बारात पर उमड़ा जनसैलाब, महाशिवरात्रि पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे


कालपी (जालौन)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कालपी नगर शिवमय हो उठा। भक्तों के बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भव्य शिव बारात धूमधाम से निकाली गई। मार्ग में जगह-जगह समाजसेवियों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।

शनिवार की दोपहर मां वनखण्डी देवी मंदिर से महंत जमुनादास के सानिध्य में पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शिव बारात का शुभारंभ हुआ। खुले वाहन पर सुसज्जित भगवान शिव की झांकी का श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पूजन-अर्चन किया। डीजे वाहनों पर बज रहे भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, जिससे पूरा नगर भक्तिरस में सराबोर हो गया। शिव बारात टरननगंज बाजार, नगर पालिका तिराहा, फुलपावर चौराहा, दुर्गा मंदिर चौराहा, रेलवे स्टेशन, इलाहाबाद बैंक, खोवा मंडी होते हुए शाम को माँ वनखण्डी देवी मंदिर आलमपुर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, संयम और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला महोत्सव है। उन्होंने कहा कि शिव बारात हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक है, जो समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। उन्होंने नगरवासियों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और नगर की स्वच्छता व व्यवस्था में सहयोग करने की अपील भी की। शिव बारात में भारत सिंह यादव, धर्मेंद्र सिंह चौहान, पुष्पेंद्र सिंह सेंगर, देवेंद्र गुप्ता, यतेंद्र राजावत, बलवीर सिंह, राजेंद्र यादव रब्बू, आशीष यादव, दिग्विजय सिंह चौहान, शरद तिवारी एवं अखिलेश पुरवार सहित सैकड़ों श्रद्धालु, भारी संख्या में महिलाएं व बच्चे उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
फोटो परिचय- शिव बरात में शामिल पालिकाध्यक्ष व पूर्व विधायक व अन्य

Post a Comment

Previous Post Next Post