- गोपाष्टमी पर हुआ गाय पूजन, भजन गायन, दीपदान
( रामकुमार शर्मा)
मथुरा। गोपाष्टमी पर्व पर भगवान कृष्ण की भूमि ब्रज में जगह जगह गौ पूजन किया गया। गौ भक्तों ने गायों को नवीन वस्त्र धारण कराकर उनका पूजन कर आरती उतारी। गणेशरा स्थित गोपाल कृष्ण गोशाला में गोपाष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गायों को नवीन वस्त्र पहनाए अक्षत रोली से तिलक कर आरती उतारी हरा चारा, गुड़ एवं लडडू खिलाए। गो सेवक पं. मदन मोहन महाराज के सानिध्य में प्रातः 7 बजे गो यज्ञ हवन किया गया। 9 बजे गोपाल सहस्त्रनाम पाठ किया गया। उनके पश्चात गो पूजन कर महिमा प्रवचन सुनाए गए। दोपहर 3 बजे भजन गायन किया गया। शाम 6 बजे दीपदान किया गया।
इस दौरान पं. मदन मोहन शास्त्री ने कहा कि आज का दिन गाय और ग्वालों से जुड़ा हुआ है क्योंकि गोपाष्टमी के दिन ही कृष्ण ने गोपाल बनकर गौचारण किया था। आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि गौ पालन करने के साथ ही गाय का संरक्षण, संवर्धन और सुरक्षा भी करेंगे। हमारा गौ पूजन तभी सफल होगा जब हम गौ संरक्षण करेंगे इसके लिए हमें किसी गौशाला से जुड़ना होगा। गाय के अंग-अंग में देवताओं का वास है इसीलिए शास्त्रों में भी गाय को विश्व की माता कहा गया है।
Post a Comment