वन महोत्सव के अंतर्गत चुर्खी वन क्षेत्र में चला वृक्षारोपण अभियान“

वन महोत्सव के अंतर्गत चुर्खी वन क्षेत्र में चला वृक्षारोपण अभियान
 उरई (जालौन)। वन महोत्सव सप्ताह (1 जुलाई से 7 जुलाई) के तहत जालौन रेंज के चुर्खी वन क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" कार्यक्रम ने लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय वनाधिकारी हरीकिशोर शुक्ला और उप क्षेत्रीय वनाधिकारी मुबारक अली ने किया। इस दौरान वनरक्षक अजीत कुमार, पुनीत कुमार, जितेंद्र प्रताप सिंह, माली परशुराम और राघवराम सहित वन विभाग की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ब्लॉक प्रमुख महेबा दुर्गेश प्रताप सिंह, चुर्खी ग्राम प्रधान तुलसीराम, सिकरी प्रधान बाबई और प्रधान अरविंद कुशवाहा ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अभियान के तहत सैकड़ों की संख्या में पौधे रोपे गए जिनमें प्रमुख रूप से सागौन, अशोक, जामुन, शीशम, नीम और कदंब के पौधे शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया। क्षेत्रीय वनाधिकारी हरीकिशोर शुक्ला ने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत पूरे जालौन रेंज में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। जनता से अपील है कि वे इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें।“एक पेड़ मां के नाम” जैसे भावनात्मक अभियान ने ग्रामीणों को गहराई से छूते हुए वृक्षों के महत्व को समझाने का कार्य किया। आयोजन के दौरान पर्यावरण के प्रति लोगों में उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

Post a Comment

Previous Post Next Post