----बेटी की शादी में मिठाई बनाने को बाजार से लाया गया था मन भर खोवा
(स्नेहलता रायपुरिया)
कोंच(जालौन)। कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम कुदरा में शादी के अवसर पर मिठाई बनाने के लिए लाया गया खोवा खाने से छह लोग फूड प्वाइजन के शिकार हो गए जिससे गांव में हाहाकार मच गया। आनन-फानन पीड़ितों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
कोंच तहसील अंतर्गत ग्राम कुदरा में रामकिशोर बरार की बेटी का विवाह आज 20 अप्रैल को है जिसमें मिठाई बनाने के लिए बाजार से चालीस किलो खोवा लाया गया था, रात में खाना खाने के बाद कुछ मीठा हो जाए के चक्कर में बाजार से खरीद कर लाए गए खोवा में चीनी मिलाकर खा लिए जिसके बाद पेट में दर्द के साथ उल्टी-दस्त शुरू हो गए और जब लोगों की हालत बिगड़ी तो अफरातफरी मच गई और आनन-फानन सभी को सीएचसी कोंच में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने पर तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव कुदरा खुर्द में रामकिशोर बरार के यहां आज 20 अप्रैल को बेटी की शादी है। तमाम नाते-रिश्तेदार शादी वाले घर में जुटे थे और विवाह की तैयारियां चल रही थीं। बारात और व्यौहारियों को दावत देने के लिए कोंच के बाजार से चालीस किलो खोवा खरीद कर लाया गया था। गुरुवार की रात लोगों ने खाना खाया तभी कुछ लोगों की इच्छा कुछ मीठा खाने की हुई तो खोवा में चीनी मिलाकर खाने को दे दिया गया। थोड़ी ही देर में कुछ लोगों जिनमें ज्यादातर महिलाएं और किशोरियां शामिल हैं, के पेट में दर्द शुरू हो गया और देखते ही देखते उल्टी-दस्त शुरू हो गए जिससे शादी वाले घर में हाहाकार मच गया। पहले घरेलू नुस्खे आजमाए गए लेकिन जब हालत पकड़ में नहीं आए तो देर रात छह लोगों सीमा देवी (53), राधिका (24), गोमती (30), जान्हवी (15), शशिकांत (32) सभी निवासी कुदरा खुर्द एवं शशि (17) निवासी धंजा को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां सीमा, शशि व जान्हवी की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फूड प्वाइजनिंग से लोगों की तबियत बिगड़ने की सूचना मिलने पर एसडीएम ज्योति सिंह रात में ही सीएचसी पहुंची और बीमारों का हालचाल जाना तथा अस्पताल स्टाफ को इलाज में कोताही नहीं बरतने की हिदायत दी। एसडीएम का कहना है कि जहां से खोवा खरीदा गया था उसकी जांच कराई जा रही है। डॉ. रामकरन सिंह गौर का कहना है कि मामला फूड प्वाइजनिंग का है, खाने की चीज में कोई विषाक्त वस्तु गिर गई होगी जिससे लोगों की हालत बिगड़ गई। उपचार के बाद फिलहाल सभी की छुट्टी कर दी गई और वे घर पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंच कर दवा का वितरण किया है।
Post a Comment