बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ किया चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने


जालौन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, भाजपा नगर अध्यक्ष अभिनव राजावत एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।

        कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने बताया कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह का उद्देश्य नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती एवं धात्री माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखा जाएगा। इसके अलावा टीकाकरण, विटामिन-ए की खुराक, आयरन एवं फोलिक एसिड के वितरण के साथ ही पोषण और स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। डॉ. सहन बिहारी गुप्ता ने बताया कि बच्चों के जीवन के शुरुआती वर्ष उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि इस दौरान उन्हें पर्याप्त पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलती हैं तो इसका प्रभाव उनके संपूर्ण विकास पर पड़ता है। चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल ने कहा कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, समय पर टीकाकरण करवाने और संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। गर्भवती एवं धात्री माताओं को भी पोषण संबंधी सलाह का पालन करना चाहिए, जिससे स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण हो सके। अंत मे मरीजों को फल वितरित किए गाए। इस मौके पर भाजपा नगर अध्यक्ष अभिनय सिंह राजावत, यश पटेल, गौरव मिश्रा, आशा प्रजापति आदि रहे।
फोटो परिचय- स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ करते पुनीत मित्तल

Post a Comment

Previous Post Next Post