कालपी (जालौन)। तहसील क्षेत्र के ग्राम लमसर में सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण और निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है। शुक्रवार को गांव के दर्जनों लोगों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की नवीन परती भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा है, उससे संबंधित पट्टे पूर्व में निरस्त हो चुके हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोका गया है। इससे गांव में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। विरोध करने पर ग्रामीणों को दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास भी किया जा रहा है, जिससे गांव के लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मोहित सिंह, योगेंद्र सिंह, शिव सेवक, गोविंद सिंह समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि राजस्व विभाग की टीम भेजकर भूमि की पैमाइश कराई जाए तथा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को तत्काल हटाया जाए।
उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फोटो परिचय- उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने जाते ग्रामीण
Post a Comment