रामपुरा (जालौन)। क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि के तहत शुक्रवार को रामपुरा विकासखंड के जगम्मनपुर-बहादुरपुर मार्ग पर दो लघु सेतुओं के निर्माण का भूमि पूजन विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने किया। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन सेतुओं से दर्जनों गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम आवागमन मिल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, जगम्मनपुर-कुठौंद मार्ग पर लिड़ऊपुर के पास लोक निर्माण विभाग की सड़क पिछले दो वर्षों से कटान की शिकार थी, जिससे राहगीरों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता था। वहीं, जगम्मनपुर और लिड़ऊपुर के बीच झरना नाले पर बनी निचली पुलिया पर वर्षा ऋतु में 8 से 10 फीट तक पानी भर जाने से संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए विधायक के प्रयासों से शासन ने दोनों स्थानों पर लघु सेतुओं के निर्माण को स्वीकृति दी। इन पर क्रमशः 98.12 लाख व 98.11 लाख रुपये व्यय होंगे।
भूमि पूजन से पूर्व लिड़ऊपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क, बिजली व सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन सेतुओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने रामपुरा ब्लॉक को विकसित क्षेत्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सोलर प्लांट व नहर सुदृढ़ीकरण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि महेश सिंह राजावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष प्रजापत, मंडल महामंत्री हिमांशु चिरवारिया, सचेन्द्र सिंह सेंगर, बटेश्वर पाल, शीतल सिंह सेंगर, नरेंद्र प्रजापत, छत्रपाल सिंह सेंगर, दीपक सिंह सेंगर, रामू तिवारी, संतोष सिंह सेंगर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज तिवारी ने किया।
फोटो परिचय- भूमि पूजन करते विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन
Post a Comment