-लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
कालपी (जालौन)। कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली कालपी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, एचएस इंडेक्स, मिशन शक्ति केंद्र, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क, हवालात तथा मालखाना का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने अभिलेखों के रखरखाव एवं उनके नियमित अद्यतन की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा संवेदनशील मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई एवं अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इसके बाद एएसपी ने यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य और वहां की यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने आईएमटी इंगलेश शर्मा से जाम की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने, डायवर्जन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। एएसपी ने कहा कि पुल पर मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधाओ का सामना ना करना पड़े, उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ जाम की स्थिति से निपटे।
फोटो परिचय- डायवर्जन का निरीक्षण करते एएसपी
Post a Comment