कालपी (जालौन)। नगर के पुराने यमुना पुल के समीप एक नवजात शिशु का शव मिलने से उस वक्त हड़कम्प मच गया जब आवारा कुत्ते नवजात का शव नोचकर खा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
रविवार की देर रात यमुना नदी के पुराने पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों के निकट एक नवजात का शव पड़ा हुआ था। जिसके हाथ लाल कपड़े से बंधे हुए थे तथा कुत्तो ने नवजात के एक पैर को भी खा लिया था। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने देखा कि आवारा कुत्ते उसे नोच रहे हैं। यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा।
उपनिरीक्षक देवेंद्र भदौरिया ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Post a Comment