- बायोकेमिस्ट्री और इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में 2-2 सीटों को मिली स्वीकृति
उरई(जालौन) । राजकीय मेडिकल कॉलेज जालौन को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। कॉलेज के बायोकेमिस्ट्री एवं इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) पाठ्यक्रम की दो-दो सीटों को स्वीकृति मिल गई है।
प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि इन दोनों विभागों में डीएनबी पाठ्यक्रम शुरू होने से जनपद के मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ने से बेहतर उपचार और परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही मेडिकल कॉलेज में उच्च चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का भी विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि डीएनबी सीटों की स्वीकृति कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिष्ठा को नई पहचान देगी। विशेष रूप से इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों का प्रशिक्षण होने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बन सकेंगी। प्राचार्य ने बताया कि मेडिकल कॉलेज लगातार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है। यह उपलब्धि उसी प्रयास का परिणाम है और इससे भविष्य में कॉलेज में और अधिक शैक्षणिक अवसर विकसित होंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने इस सफलता पर सभी शिक्षकों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
Post a Comment