सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में जालौन विकास कार्यों में अव्वल, प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान


-विकास कार्यों के उत्कृष्ट क्रियान्वयन से जनपद ने कायम रखी शीर्ष स्थिति
उरई(जालौन)। प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में जनपद ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मासिक रैंकिंग में प्रदेश में विकास कार्यों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विकास कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर जालौन ने प्रदेश के सभी जनपदों में शीर्ष स्थान हासिल किया। जनपद लगातार कई महीनों से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में टॉप टेन स्थान पर बना हुआ है। यह उपलब्धि विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा राजस्व संबंधी कार्यों में निरंतर प्रगति का परिणाम है। 

शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जिला प्रशासन ने विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव रैंकिंग में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण मूल्यांकन तंत्र है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व वसूली, शिकायत निस्तारण तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती है। ऐसे प्रतिस्पर्धी माहौल में जालौन का प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रशासनिक दक्षता, जवाबदेही और टीम भावना का प्रतीक माना जा रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनपद की इस उपलब्धि में माननीय जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन, नागरिकों के सहयोग तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए जनपद को आगे भी प्रदेश की शीर्ष श्रेणी में बनाए रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करना ही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में प्राप्त यह प्रथम स्थान जनपद के विकास की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की पुष्टि करता है तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मंडलायुक्त के सतत मार्गदर्शन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा जनसामान्य के विश्वास को देते हुए कहा कि जालौन विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए निरंतर अग्रसर रहेगा।
फोटो परिचय- जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय

Post a Comment

Previous Post Next Post