चौरासी गुंबद के पास जंगल में भीषण आग, कई एकड़ क्षेत्र में फैली लपटें


कालपी (जालौन)। चौरासी गुंबद के समीप हाईवे किनारे स्थित सुल्तानपुर के जंगल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अज्ञात कारणों से लगी आग तेजी से जंगल के अंदर फैलती चली गई। आग की चपेट में आकर शीशम, नीम, आम, पीपल और बरगद समेत कई बड़े पेड़ जल गए। तेज गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग लगातार फैलती रही, जिससे वन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि संसाधनों की कमी के कारण कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रभारी रेंजर संजय माथुर ने बताया कि विभागीय कर्मचारी झाड़ू और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी, लेकिन वहां से बताया गया कि दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है। इसके बाद उरई मुख्यालय को भी सूचना भेज दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग फिलहाल जंगल की सतह और सूखी घास में फैली है। उनके अनुसार बड़े पेड़ों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है और आग बुझाने का कार्य लगातार जारी है। विभागीय टीम आग को फैलने से रोकने के लिए आसपास के क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। वह प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया गया तो जंगल के बड़े हिस्से को नुकसान हो सकता है। वहीं समय पर दमकल वाहन उपलब्ध न होने से फायर व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
फोटो परिचय- कालपी के जंगल में लगी भीषण आग

Post a Comment

Previous Post Next Post