कालपी (जालौन)। ग्राम शेखपुर बुल्दा मदारपुर में बिजली विभाग द्वारा विद्युत सप्लाईकाट किए जाने से ग्रामीणों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द बिजली बहाल कराने तथा पेयजल समस्या के समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की पुरानी व्यास मंदिर सहित करीब चार दर्जन घरों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिससे लगभग एक हजार की आबादी प्रभावित है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से गांव में पानी का संकट गहरा गया है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली न होने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके विद्युत कनेक्शन काफी पुराने हैं तथा घरों में मीटर भी लगे हुए हैं, लेकिन लंबे समय से बिजली बिल नहीं आया। आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी यह कह रहे हैं कि ग्रामीणों ने कोई वैध विद्युत कनेक्शन नहीं लिया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर संवेदनशीलता न दिखाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भीषण गर्मी में बिना पर्याप्त जांच के बिजली काट दिए जाने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बाबू, सुंदर लाल, अखिलेश, मोहनलाल, वीरन, पप्पू, रिंकल, प्रवेश, प्रेमा, गुड्डी, गीता, गंगावती, भूरी, लाली और रेहाना सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल बिजली सप्लाई बहाल कराकर पानी की समस्या का समाधान कराया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके।उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने कहा कि एसडीओ से वार्ता करके जल्द से जल्द गांव की विद्युत सप्लाई बहाल कराई जाएगी।
फोटो परिचय- तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण
Post a Comment