उरई(जालौन)। नगर के वार्ड संख्या 5 रामनगर उत्तरी में आम जनमानस को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। हरपाल पाल द्वारा 15वें वित्त आयोग योजना के अंतर्गत डीवीसी डिग्री कॉलेज के सामने सोलर वाटर कूलर लगाए जाने हेतु बोरिंग कार्य का शुभारंभ विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ कराया गया।
इस अवसर पर दयानंद वैदिक महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार पांडे एवं सभासद प्रतिनिधि राहुल श्रीवास्तव एडवोकेट ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर कार्य का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों एवं आसपास के लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
सभासद प्रतिनिधि राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए क्षेत्र में ठंडे पानी की व्यवस्था लंबे समय से आवश्यक महसूस की जा रही थी। डीवीसी डिग्री कॉलेज एवं अजनारी रोड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, राहगीर और स्थानीय लोग गुजरते हैं। ऐसे में सोलर वाटर कूलर लगने से लोगों को राहत मिलेगी और उन्हें स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में विभिन्न परीक्षाओं एवं शैक्षिक गतिविधियों के दौरान दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा आसपास की दुकानों के व्यापारियों, राहगीरों तथा निकट स्थित सरकारी विभागों के कर्मचारियों को भी गर्मी के मौसम में शीतल जल की सुविधा प्राप्त होगी।
प्राचार्य राजेश कुमार पांडे ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक होते हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल की व्यवस्था करना पुण्य का कार्य है और इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
क्षेत्रीय लोगों ने इस जनहितकारी कार्य के लिए हरपाल पाल एवं वार्ड प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोलर वाटर कूलर स्थापित होने से राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या काफी हद तक कम होगी।
Post a Comment