पीलाघाट के जीर्णाेद्धार को मिली मंजूरी, नगर के विकास को मिली रफ्तार

(कैफ रजा)
कालपी(जालौन)। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में यमुना किनारे स्थित ऐतिहासिक पीलाघाट के जीर्णाेद्धार समेत नगर के समग्र विकास से जुड़े सात महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला सहित सभी सभासद उपस्थित रहे।

  बैठक की शुरुआत में लेखाकार हरिभूषण सिंह चौहान ने एजेंडा में शामिल प्रस्तावों को विस्तार से पढ़कर सुनाया, जिस पर सभासदों ने चर्चा के बाद सहमति प्रदान की। बैठक में वर्ष 2026-27 के आय-व्यय (बजट) को स्वीकृति देने, दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक के मासिक लेखों को पारित करने, पालिका के जर्जर कार्यालय भवन को ध्वस्त कर उसके स्थान पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स निर्माण, पीलाघाट के जीर्णाेद्धार, आलमपुर स्थित पालिका बाजार की भूमि के प्रबंधन हस्तांतरण, नगर क्षेत्र में आधुनिक कियोस्क निर्माण तथा ढुलाई वाहनों पर पार्किंग शुल्क निर्धारण जैसे अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। 
पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नगर का विकास उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्ताव आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीलाघाट का जीर्णाेद्धार न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी कालपी को नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पालिका कार्यालय के स्थान पर बनने वाला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स नगर पालिका की आय बढ़ाने में सहायक होगा, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। नगर में आधुनिक कियोस्क स्थापित होने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और छोटे व्यापारियों को सुविधा मिलेगी।
पालिकाध्यक्ष ने सभासदों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही नगर का समग्र विकास संभव है। अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने अनियोजित कॉलोनियों और अवैध प्लॉटिंग पर नियंत्रण की आवश्यकता जताते हुए कहा कि कॉलोनाइजर उपविधि लागू होने से अवैध निर्माण पर रोक लगेगी और पालिका पर आर्थिक भार कम होगा। साथ ही बैनामा से पूर्व एनओसी अनिवार्य होने से भूमि विवादों में भी कमी आएगी।
बैठक में राजस्व निरीक्षक अजीत यादव, निर्माण लिपिक सरफराज खान, लिपिक रमेश यादव सहित सभासदों मे पप्पू, रियाजुल हक, कपिल शुक्ला, विनीता अहिरवार, कमलेश कुमारी, राकेश यादव, निजाम, सुनील पटवा, खान बाबू, अमरीश अग्रवाल, सुमन, राजू शेख, बरकत अंसारी, इकबाल अहमद, कमलेश कुमारी, सुनीता, भाग्यश्री निषाद, रिजवान, अतुल सिंह चौहान समेत कई पालिका कर्मी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- बोर्ड की बैठक लेते पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव

Post a Comment

Previous Post Next Post