साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति अभियान चलाया कुठौंद थाना प्रभारी ने

(नारायण तिवारी)
कुठौन्द (जालौन)। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुठौन्द पुलिस द्वारा “साइबर जागरूकता एवं मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0” के अंतर्गत एक प्रभावशाली जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कस्बा कुठौन्द स्थित बीआर सर्वाेदय शिक्षण संस्थान में आयोजित हुआ, जहां पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को आधुनिक समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न रूपों जैसे फाइनेंशियल फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक तकनीक और बैंक केवाईसी धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930, बलइमतबतपउम.हवअ.पद पोर्टल या अन्य संबंधित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है।
प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग डिजिटल युग है, जहां सुविधाओं के साथ चुनौतियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों का उपयोग कर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी ने बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी असहज स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि चुप रहना समाधान नहीं, बल्कि समय पर आवाज उठाना ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी। अंत में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- छात्र-छात्राओं को जागरूक करते थाना प्रभारी 

Post a Comment

Previous Post Next Post