धर्म नगरी कालपी में निकली भव्य देव दर्शन शोभायात्रा, श्रद्धा से गूंजा नगर


कालपी(जालौन)। धर्मनगरी में बुधवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, प्राचीन महादेव मंदिर से भव्य देव दर्शन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, वहीं विधायक, पालिकाध्यक्ष तथा सरीला के उपजिलाधिकारी भी शामिल होकर भक्तों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

नगर के प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण एवं राम भक्त हनुमान जी के अष्टधातु निर्मित दिव्य दरबार की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। प्रातःकाल आरंभ हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों सदर बाजार, मिर्जा मंडी, हरीगंज, एमएसवी अंडरपास, इंदिरा नगर, रावगंज, रामगंज, टरननगंज बाजार आदि क्षेत्रों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया।विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। सरीला उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में अनुशासन और सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से शांति और व्यवस्था बनाए रखते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की। पालिकाध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि कालपी की धार्मिक पहचान को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे भव्य आयोजनों से नगर की सांस्कृतिक गरिमा बढ़ती है और लोगों में आपसी भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन समिति के सदस्यों के साथ अनेक गणमान्य लोगों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
फोटो परिचय-शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के साथ विधायक, पालिकाध्यक्ष व उपजिलाधिकारी सरीला।

Post a Comment

Previous Post Next Post