0 भ्रष्टाचार कराने में अधिकारियों की मिलीभगत
उरई(जालौन)। जनपद के विकास खंड महेवा में ग्राम पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन भ्रष्टाचार के नए-नए कारनामे सामने आ रहे हैं। ताजा मामला चौहान कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर्स के संचालक शिशुपाल सिंह चौहान एवं उनके परिवार से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, शिशुपाल सिंह चौहान पुत्र चंद्रशेखर निवासी ग्राम महेवा की पत्नी रश्मि देवी, माता मालती देवी, भाई अखिलेश सिंह व भाभी कल्पना देवी सभी कुशल श्रमिक (कारीगर) के रूप में पंजीकृत हैं। इन नामों के खिलाफ विकास खंड की ग्राम पंचायतों गुढ़खास, मैनुपुर सहित कई अन्य ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण, इंटरलॉकिंग आदि में सैकड़ों दिन का कार्य दिखाकर फर्जी भुगतान लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि रश्मि देवी कानपुर में रहती हैं, जबकि पूरा परिवार करोड़पति है और कभी ग्रामीणों ने इनमें से किसी को भी श्रम करते नहीं देखा।
आंकड़े बयां कर रहे हैं फर्जीवाड़ा
अखिलेश सिंहरू वित्तीय वर्ष 2023-24 में 65 दिन, 2024-25 में 29 दिन और 2025-26 में 84 दिन का फर्जी भुगतान लिया।कल्पना देवीरू वित्तीय वर्ष 2023-24 में 65 दिन, 2024-25 में 32 दिन और 2025-26 में 70 दिन का भुगतान लिया।ग्रामीणों का आरोप है कि फर्म संचालक के पास कानपुर, उरई में प्रॉपर्टी व काफी कृषि योग्य भूमि है, फिर भी जानबूझकर गरीब मजदूरों का हक मारा जा रहा है। फर्म संचालक ने ब्लॉक महेवा में अपनी राजनीतिक पहुंच के दम पर मजबूत सिंडिकेट बनाया है और दर्जनों ग्राम पंचायतों में बिना कार्य के भुगतान करवा लिया है।
सचिव व ऑपरेटर पर फर्जीवाड़े का आरोप
क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, कुशल व अकुशल श्रमिकों की फीडिंग कर फर्जी भुगतान करने में प्राइवेट कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित सिंह को महारत हासिल है। दो दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों में उसने प्रधानों व रोजगार सेवकों के परिजनों का पंजीकरण कराकर लाखों का भुगतान किया है। वहीं, सचिव जितेन्द्र कुशवाहा के अधीनस्थ ग्राम पंचायतों में फर्जीवाड़ा चरम पर है।
जांच के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पूर्व में डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह कुशवाह ने शिकायत पर जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपी थी, लेकिन अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारी इस मामले में कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। हालांकि, डीएम द्वारा गठित टीम फिलहाल जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फोटो परिचय- महेवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत मैनुपुर में फर्म संचालक के परिजनों के नाम
Post a Comment