( राकेश कुमार)
रामपुरा (जालौन)। रामपुरा थाना क्षेत्र में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्राम टीहर में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि आंधी-तूफान के दौरान बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके बाद से अब तक बिजली विभाग द्वारा आपूर्ति बहाल नहीं की गई। लगातार चार दिन से अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीणों को पीने के पानी, मोबाइल चार्जिंग और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ हालात और भी खराब हो गए हैं। रात के समय बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंची रामपुरा पुलिस उपनिरीक्षक जगदीश कुमार दुबे उपनिरीक्षक सोनू कुमार मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा कर अधिकारियों से बात कर जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फोटो परिचय- जाम लगाने की जानकारी देते अनिल कस्तवार
Post a Comment