साइबर ठगी के शिकार डाकिया को मिली राहत, ₹69,000 की पूरी रकम वापस


 (नारायण तिवारी)
 कुठौंद (जालौन)। जनपद जालौन पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित नागरिक को त्वरित राहत प्रदान की है। थाना कुठौन्द की साइबर टीम की सक्रियता के चलते साइबर ठगी का शिकार हुए एक डाकिया की पूरी धनराशि वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा के जिला चरखी दादरी निवासी साहिल (पुत्र सोमबीर), जो कस्बा कुठौन्द के डाकघर में पोस्टमैन के रूप में कार्यरत हैं, के साथ 13 मार्च 2026 को एटीएम/यूपीआई के माध्यम से ₹69,000 की साइबर ठगी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना कुठौन्द की साइबर टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित बैंक खातों को ट्रेस किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की तेज, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप 6 अप्रैल 2026 को पीड़ित की पूरी ₹69,000 की राशि सुरक्षित वापस करा दी गई।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जगदम्बा प्रसाद दुबे, उपनिरीक्षक रामवीर सिंह और कांस्टेबल विल्लू राना की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post