नितिन खरकया
उरई (जालौन)।मिनौरा सहकारी संघ लि., उरई द्वारा कालपी रोड स्थित नवीन मंडी परिसर में राजकीय गेहूं क्रय केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चन कर इलेक्ट्रॉनिक कांटे का शुभारंभ किया और केंद्र के संचालन की औपचारिक शुरुआत की। इस क्रय केंद्र के प्रारंभ होने से वर्ष 2026-27 के रबी विपणन सत्र के अंतर्गत किसानों को अपनी उपज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचने में सुविधा प्राप्त होगी।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जादौन ने प्रथम किसान प्रकाश सिंह को माल्यार्पण कर एवं मिष्ठान खिलाकर गेहूं खरीद प्रक्रिया का शुभारंभ कराया। यह प्रतीकात्मक पहल किसानों के सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से की गई। मिनौरा सहकारी संघ लि. के अध्यक्ष श्याम करण प्रजापति ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया तथा केंद्र की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
अपने संबोधन में डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर के निर्देशन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जनपद जालौन में अब तक कुल 49 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे किसानों को नजदीक में ही अपनी फसल बेचने की सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति कुंतल अधिक है। यह वृद्धि किसानों की आय में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन क्रय केंद्रों का लाभ उठाएं और अपनी उपज को सरकारी दर पर बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कालपी सहकारी संघ के निदेशक रविंद्र सिंह परमार, आदर्श प्रजापति समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश प्रजापति, दयाराम प्रजापति, ओमकार सिंह, सचिव अमित चतुर्वेदी, केंद्र प्रभारी गौरव द्विवेदी, आकाश, चरण सिंह, महेश कुमार सहित अन्य कृषकजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
Post a Comment