हाईटेक नर्सरी से लेकर कृषि फार्म तक, नोडल अधिकारी ने की व्यवस्थाओं की पैनी नजर से समीक्षा


किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता पर दिया जोर
 हिमांशु खरकिया
 उरई (जालौन )। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सचिव (कृषि एवं संबद्ध विभाग) श्री इन्द्र विक्रम सिंह ने जनपद जालौन में कृषि व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण कर किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं नवाचार पर जोर दिया।  नोडल अधिकारी ने सर्वप्रथम हाईटेक नर्सरी बोहदपुरा का निरीक्षण किया। यह नर्सरी लगभग 1.09 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है,।

जहाँ सोइललेस तकनीक से सब्जियों के पौधे तैयार किए जाते हैं। स्वचालित सीड सोइंग मशीन प्रति घंटे 10 हजार बीज बोने में सक्षम है। नर्सरी में विद्युत कनेक्शन न होने से संचालन नहीं हो पाने पर उन्होंने जिलाधिकारी को डिमांड लेटर लिखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने भेड़-बकरी प्रजनन केंद्र का निरीक्षण किया, जहाँ नाली, मुजफ्फरनगरी, मगरा नस्ल की भेड़ें एवं बरबरी नस्ल की बकरियाँ पाई गईं। नोडल अधिकारी ने पशुपालन को आय वृद्धि का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके विस्तार पर जोर दिया। उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के निरीक्षण में उन्होंने गोदाम में भंडारित मूंगफली, तिल एवं साँवा बीजों के रख-रखाव का जायजा लेते हुए साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक कार्यालय के निरीक्षण में उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कार्यालय को समाधान केंद्र बनाने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय- उप कृषि निदेशक कार्यालय का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी

Post a Comment

Previous Post Next Post