नोएडा-फरीदाबाद में मजदूरों पर लाठीचार्ज के विरोध में उरई में धरना-प्रदर्शन

हिमांशु खरकया
उरई(जालौन)। नोएडा व फरीदाबाद की कंपनियों में न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों के खिलाफ ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस एक्टू ने उरई की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एक्टूूूू के राष्ट्रीय पार्षद का. राम सिंह चौधरी, जिला सचिव कामरेड हरिशंकर, जिला उपाध्यक्ष लखन राज एवं निर्माण मजदूर नेता सुरेश मिस्त्री ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए का. राम सिंह चौधरी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से मजदूर 9 से 10 हजार रुपये मासिक पर काम करने को मजबूर हैं। रसोई गैस सिलेंडर से लेकर आटा, किराए तक में हुई बेतहाशा वृद्धि ने मजदूरों का जीवन संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के पैसों से पलने वाली पुलिस कॉरपोरेटों की सेवा कर रही है। का. चौधरी ने न्यूनतम मजदूरी 34 हजार रुपये करने, चारों श्रम कोड तुरंत समाप्त करने, हड़ताल के अधिकार, 8 घंटे काम की गारंटी और मजदूरों को बराबरी का सम्मान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मजदूरों पर लाठीचार्ज की जांच किसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की कमेटी से कराई जाए, सभी गिरफ्तार मजदूरों को बिना शर्त रिहा किया जाए तथा अत्याचार करने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल व उत्तर प्रदेश सरकार के नाम जिलाधिकारी जालौन के माध्यम से ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर का. रमेश टेलर, राजाराम वर्मा, भूप सिंह कुशवाहा, जगराम, अजय, रामदास, मेवा लाल, रमाकांत, अशोक वर्मा, गुलाब रानी, श्रीकांत, विनोद, राहुल, वसीम, मानसिंह, प्रमोद समेत बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- प्रदर्शन करते एक्टू के पदाधिकारी 

Post a Comment

Previous Post Next Post