माधोगढ़, जालौन में लगातार ओलावृष्टि से किसानों की फसलें तबाह



(राकेश कुमार)
जालौन के माधोगढ़ क्षेत्र में प्राकृतिक प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार दो दिन से हो रही ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। रविवार शाम करीब 6 बजे ग्राम पंचायत गोहन, कासिमपुर, रहावली, शहबाजपुर, गढ़िया सहित न्याय पंचायत गोहन के कई गांवों में अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज हवा, ओलों और बारिश ने खड़ी पक्की फसलों को मिट्टी में मिला दिया।
किसान पूरे साल की मेहनत के बाद फसलों की कटाई-मड़ाई की तैयारी कर ही रहे थे कि प्रकृति की मार ने सब कुछ नष्ट कर दिया। अब किसानों के सामने जानवरों के लिए भूसा, बच्चों के लिए अन्न और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इससे पहले भी अक्टूबर-नवंबर में मटर की फसल पर उचित मूल्य न मिलने से नुकसान हुआ था।
किसानों का कहना है कि देश सीमा पर जवानों और खेतों पर किसानों की बदौलत ही चलता है, लेकिन अब किसान प्राकृतिक आपदा से धराशायी हो गया है। भूखमरी की कगार पर खड़े किसान सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह सेंगर ने मांग की है कि नुकसान का शीघ्र आकलन कर किसानों को तत्काल राहत और मुआवजा दिया जाए। आज की शाम भी किसानों के लिए आंसू ही लेकर आई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post