युवक हत्याकांड का पुलिस ने किया सफल अनावरण, दो गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में घायल

(हिमांशु खरकया)
उरई(जालौन)। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन तथा पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक जालौन के कुशल नेतृत्व में कोतवाली माधौगढ़ पुलिस ने एक युवक की हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

 अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप वर्मा के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को परमाल सिंह ने थाना माधौगढ़ में तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के 25 मार्च को घर से बिना बताए कहीं चला गया है। इस पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। 8 अप्रैल 2026 को ग्राम रुद्रपुरा निवासी रोहित के बाड़े से कमल का शव मिट्टी में दबी हालत में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दो टीमें गठित की थीं। आज दिनांक 9 अप्रैल 2026 को कोतवाली माधौगढ़ पुलिस ने अभियुक्तों रोहित (22) व तेज प्रताप सिंह उर्फ तेजा (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 26 मार्च को शराब पीने के दौरान विवाद में कमल की हत्या कर शव दबा दिया था।
हत्या में प्रयुक्त बोतल व मृतक का मोबाइल बरामद करने के लिए अभियुक्तों को छिपाए स्थान पर ले जाया गया। वहाँ अभियुक्त रोहित ने पहले से छिपाए तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। बचाव में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया, जिसमें रोहित के पैर में गोली लग गई। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार करने वाली टीम प्रभारी निरीक्षक कोतवाली माधौगढ़ बिंकेश बाबू व उनकी पुलिस टीम
शामिल रही।
फोटो परिचय- गिरफ्तार हत्यारोपी

Post a Comment

Previous Post Next Post