बाल विवाह रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी:अनीता गुप्ता



--अनुरागिनी संस्था द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बाल विवाह निषेध जागरूकता गोष्ठी
कोंच( जालौन)। जनपद के कोंच स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अनुरागिनी संस्था द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से “बाल विवाह प्रतिबंध जागरूकता गोष्ठी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य  अनीता गुप्ता  मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुरागिनी संस्था के  अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, उपजिलाधिकारी कोंच ज्योति सिंह जिला  केंद्रीय  सहकारी  उपभोक्ता  भंडार   के  अध्यक्ष  उपेन्द्र  सिंह राजावत  उपस्थित रहे।
विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। छात्राओं धी़नू, नैन्सी, दीपा, भारती एवं अमृता ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं ममता एवं संतोषी द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने नाटक एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि बाल विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा है।
मुख्य अतिथि अनीता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा,बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि यह बालिकाओं के अधिकारों और उनके सुनहरे भविष्य पर गंभीर आघात है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके विरुद्ध आगे आना होगा। बेटियों को शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना ही सच्चा महिला सशक्तिकरण है।
उपजिलाधिकारी कोंच ज्योति सिंह ने कहा, प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी बालिका अपने अधिकारों से वंचित न रहे। बाल विवाह रोकने के लिए समाज, परिवार और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा। जागरूकता ही इस समस्या का सबसे प्रभावी समाधान है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा, “बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है। जब एक बालिका शिक्षित होती है, तो पूरा समाज सशक्त होता है। अनुरागिनी संस्था पिछले 30 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी परिवर्तन लाना है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा, समाज की उन्नति तभी संभव है जब हमारी बेटियां सुरक्षित और शिक्षित हों। बाल विवाह रोकना केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का विषय है। हम सभी को इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, भारतीय जनता पार्टी की नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल महिला कल्याण विभाग से जूली खान, गरिमा पाठक एवं रजनी शर्मा, जनपद  की महिला थाना प्रभारी उमा सैनी अमरचंद महेश्वरी इंटर कॉलेज कोंच के प्रधानाचार्य प्रेम नारायण वर्मा 
कार्यक्रम संयोजक श्याम करण प्रजापति,रितु वर्मा, बबीता बवेले, प्रतीक्षा, अनीता, कृपाशंकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने बाल विवाह निषेध, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को जागरूक एवं सशक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम  का  आभार  ज्ञापित   वार्डन  वंदना वर्मा  ने  किया संचालन प्रसिद्ध रंगकर्मी संजय सिंघाल ने किया
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार, शिक्षिकाओं, ग्रामवासियों एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता कर बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post