व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए डीएम ने


उरई(जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बन्धु, उद्योग बन्धु एवं श्रम बन्धु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।

व्यापारियों ने मोनी मंदिर के आगे सब्जी मंडी क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उरई को वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क की कम चौड़ाई पर संज्ञान लेते हुए वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में चौड़ीकरण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। राठ रोड पर नाले निर्माण में लापरवाही पर अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
एचडीएफसी बैंक के सामने सार्वजनिक शौचालय में ताला लगने की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश से तुरंत शौचालय संचालित कर दिया गया। कालपी बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को विशेष अभियान चलाकर बाजार अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। कालपी गल्ला मंडी में बालू के ट्रकों के खड़े होने पर प्रतिबंध लगाते हुए पृथक होल्डिंग एरिया विकसित करने का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया। प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु स्ट्रीट लाइटें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नेहा ब्याडवाल, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद के प्रतिष्ठित व्यापारी-उद्यमी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- जिला व्यापार बन्धु की बैठक लेते जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय

Post a Comment

Previous Post Next Post