हनुमान जन्मोत्सव पर कालपी में भक्ति की बयार, भव्य कलश यात्रा से शुरू हुआ शिव महापुराण एवं हनुमत यज्ञ

कैफ रजा 
कालपी(जालौन)। नगर स्थित सिद्धपीठ श्री छंगे आश्रम हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्री बाला जी हनुमत यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन गुरुवार से विधिवत प्रारंभ हो गया। आयोजन की शुरुआत एक विशाल और आकर्षक कलश यात्रा के साथ हुई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।सुबह लगभग 10 बजे मंदिर परिसर से निकली यह भव्य कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गोंकृफुल पावर चौराहा और हिंदी भवन होते हुए यमुना नदी के पीला घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पवित्र यमुना जल भरकर कलश स्थापित किए। इसके बाद यात्रा पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

कलश यात्रा के दौरान मार्ग को रंग-बिरंगे ध्वजों से सजाया गया था, जो दूर से ही आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। नगाड़ों और ड्रम की गूंज के बीच भजन-कीर्तन की मधुर धुनों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जयकारों और भक्ति गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा की विशेष शोभा श्री श्री 108 महंत दंडी स्वामी भूतनाथदत्तानंद पर्वत महाराज (अखिल विज्ञान मठ, कानपुर) की उपस्थिति रही, जो रथ पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे थे। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा का अद्भुत प्रदर्शन किया, वहीं युवा और बुजुर्ग हाथों में ध्वज लेकर भक्ति में लीन नजर आए। 

जगह-जगह पुष्प वर्षा और गुलाल से यात्रा का स्वागत किया गया। इस आयोजन के साथ ही शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हो चुका है, जिसका वाचन दंडी स्वामी जी द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के संरक्षक रामसंजीवन पुजारी महाराज हैं, जबकि आयोजन की संपूर्ण व्यवस्था मुनिश्वरानंद ब्रह्मचारी मणिपाचार्य महाराज के निर्देशन में संपन्न हो रही है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण, हवन-पूजन में सहभागिता करने और 10 अप्रैल को आयोजित विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन आयोजन ने कालपी नगर में धार्मिक उत्साह, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश प्रसारित किया है।
फोटो परिचय- कलश यात्रा निकालते  भक्तगण

Post a Comment

Previous Post Next Post