स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों से नाराज़ ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी


-महिलाओं ने बिजली विभाग के खिलाफ लगाए भ्रष्टाचार के नारे
-एसडीएम माधौगढ़ कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन
 राकेश कुमार/ नितेश कुमार
माधौगढ़ (जालौन)। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत अंबेडकर नगर लक्ष्मनपुरा वार्ड नंबर 4 के ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटर से बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर नाराजगी जताई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी, विद्युत वितरण खंड माधौगढ़ को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगाए गए स्मार्ट मीटरों के कारण बिजली बिल अत्यधिक आ रहे हैं, जबकि अधिकांश उपभोक्ता सामान्य उपयोग ही कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करने पर भी अपेक्षा से अधिक राशि कट रही है, जिससे आमजन आर्थिक रूप से परेशान हैं।

 ग्रामीणों का कहना है कि पहले की तुलना में बिजली खपत में कोई विशेष वृद्धि नहीं हुई है, फिर भी बिलों में असामान्य बढ़ोतरी देखी जा रही है। इस समस्या को लेकर उन्होंने विद्युत विभाग के कर्मचारियों को भी अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सभी नगरवासी एकजुट होकर उच्च अधिकारियों के समक्ष बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
 ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्मार्ट मीटर की जांच कराई जाए और वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल निर्धारित किए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। महेश, राज चौधरी, जीतू राठौर , सतीश कुमार, सुरेंद्र कुमार, समरथ सिंह, कैलाश, गोविन्द, अजय , रबी शंकर, राजेश , पुष्पेंद्र, कमल सिंह, मुकेश राठौर, प्रभा , शिवकुमार राठौर, रामप्रकाश, रमेश चंद्र , कमलेश आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो परिचय- स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी व ज्ञापन देते लोग

Post a Comment

Previous Post Next Post