जालौन में विकास कार्यों की समीक्षा की नोडल अधिकारी ने लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

हिमांशु खरकिया
उरई(जालौन)। जनपद में विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने और शासन की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने विकास भवन में गहन समीक्षा बैठक की। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

नोडल अधिकारी ने जनपद को सीएम डैशबोर्ड में टॉप टेन में स्थान मिलने पर सराहा और इसे बनाए रखने के निर्देश दिए। ए-रैंक वाले विभागों को कहा गया कि योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्रों तक पहुंचाया जाए।
सड़क निर्माण की प्रगति पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि 1600 किलोमीटर में से 1260 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 264 ग्राम पंचायतों में 330 किलोमीटर कार्य अवशेष है। इसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।फैमिली आईडी के शत-प्रतिशत लक्ष्य के लिए उप कृषि निदेशक, डीसी मनरेगा व समाज कल्याण विभाग को विशेष शिविर लगाने कहा गया। सीएमआईएस पोर्टल पर एक करोड़ से अधिक लागत वाली 292 परियोजनाओं पर सख्त निगरानी रखने को कहा।
जिला कारागार उरई, राजकीय मेडिकल कॉलेज की 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट तथा तहसील उरई के आवासीय भवन निर्माण में देरी पर गहरी नाराजगी जताई गई। संबंधित परियोजना प्रबंधकों व अभियंताओं के खिलाफ जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। नर्सिंग कॉलेज निर्माण की देरी पर भी कार्रवाई के संकेत दिए गए। नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व सूचना के कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, सभी परियोजनाओं में जनप्रतिनिधियों द्वारा भूमि पूजन कराए जाने व पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीरेंद्र सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह व परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- सीएम डैशबोर्ड के कार्यों की समीक्षा करते नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post