वरिष्ठ पत्रकार राकेश प्रजापति के बेटे शिव सिंह आयकर विभाग में बने अफसर


--आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट पद पर हुआ चयन
--परिवार के साथ-साथ पूरे नगर में खुशी और गर्व का माहौल
 (विवेक मिश्रा)
जालौन । बीमा कम्पनी के अभिकर्ता के होनहार बेटे शिव सिंह प्रजापति ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। एसएससी सीजीएल 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 885वीं रैंक प्राप्त कर उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।
चुर्खीबाल निवासी एलआईसी एजेंट पिता राकेश प्रजापति एवं साधारण गृहणी मिथलेश प्रजापति के बेटे व भारती के छोटे भाई शिव सिंह प्रजापति ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया। शिव सिंह के अनुसार उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करते रहे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, एसबीडीएम इंटर कॉलेज और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीएससी की पढ़ाई नगर के सेठ वीरेंद्र कुमार मित्तल स्नातकोत्तर महाविद्यालय से पूरी की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए। कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के बल पर उन्होंने एसएससी सीजीएल परीक्षा में सफलता हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, नगर के लोगों में भी गर्व की भावना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरूजनों को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता जरूर मिलती है।
फोटो परिचय- बेटे शिव सिंह को आशीर्वाद देती मां मिथिलेश व पिता राकेश

Post a Comment

Previous Post Next Post