(अनिल शर्मा)
उरई(जालौन)। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि सड़क सुरक्षा के मामले में अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि रॉन्ग साइड, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट-सीट बेल्ट न लगाने तथा मोबाइल के उपयोग पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई होगी। परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच व दक्षता परीक्षण के लिए शिविर लगाए जाएं, जिससे सड़कों पर केवल प्रशिक्षित चालक ही वाहन चलाएं। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, शिक्षा विभाग को स्कूलों-कॉलेजों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक-परिचालक की जानकारी की नियमित जांच करने को भी कहा गया। शहर में अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग पर रोक लगाने के लिए नगर पालिका, ओडीए व सिटी मजिस्ट्रेट को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एआरटीओ, बीएसए, डीआईओएस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment