लखनऊ से आई टीम ने जनगणना प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश


कालपी(जालौन)। शुक्रवार को नगर के एमएसवी इंटर कॉलेज में चल रहे जनगणना 2026 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करने लखनऊ से आई अधिकारियों की टीम पहुंची। इस दौरान नामित जिला प्रभारी अधिकारी रश्मि ने मास्टर ट्रेनरों एके श्रीवास्तव व आरके गौतम के साथ प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण कक्ष में पहुंचकर प्रतिभागियों से संवाद किया और जनगणना से जुड़ी बारीकियों को विस्तार से समझाया। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें कार्य के प्रति आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि भारत सरकार की जनगणना 2026 के अंतर्गत द्वितीय चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य कराया जाएगा। इसी के तहत कालपी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें करीब 300 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला, मुकेश कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहे।
फोटो परिचय- जनगणना प्रशिक्षण का निरीक्षण करती टीम

Post a Comment

Previous Post Next Post