विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जनपद की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित


-पुनरीक्षण अभियान के दौरान 50,803 नए मतदाता जुड़े, जबकि 4,305 नाम विलोपित 
 (हिमांशु खरकया)
उरई(जालौन)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जनपद की अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को प्रकाशित कर दी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सूची की विस्तृत जानकारी साझा की।
  उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अब जिले में कुल 11,31,999 मतदाता हैं, जिनमें 6,24,126 पुरुष, 5,07,824 महिला एवं 49 अन्य शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार माधौगढ़ में 3,96,304, कालपी में 3,60,476 तथा उरई (अ०जा०) में 3,75,219 मतदाता पंजीकृत हैं।

पुनरीक्षण अभियान के दौरान 50,803 नए मतदाता जुड़े, जबकि 4,305 नाम विलोपित किए गए। विलोपन में 596 मृतक, 2,340 स्थानांतरित, 526 डुप्लीकेट तथा 843 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 11,391 प्रविष्टियों में संशोधन किया गया।
प्रक्रिया में पारदर्शिता पर विशेष जोर रहा। एनजीएसपी पोर्टल पर 628 शिकायतों का निस्तारण किया गया। बीएलओ स्तर पर 6,615 व डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर पर 966 कॉल्स का समाधान हुआ। जनपद एवं विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ कुल 24 बैठकें आयोजित की गईं।
बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों को सूची की प्रतियां दी गईं। आम जन भी जिला एवं राज्य निर्वाचन कार्यालय की वेबसाइट से सूची देख सकते हैं।
फोटो परिचय- सभी दलों के प्रतिनिधियों को सूची की प्रतियां देते एडीएम

Post a Comment

Previous Post Next Post