कालपी (जालौन)। होली पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार को कालपी रेलवे स्टेशन सहित क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों और गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
रेलवे पुलिस अधीक्षक झांसी बिपुल श्रीवास्तव के निर्देश पर कालपी जीआरपी चौकी इंचार्ज संजना सिंह के नेतृत्व में टीम ने प्लेटफार्म नंबर 1 और 2, वेटिंग हॉल, बुकिंग काउंटर, टिकट घर, सर्कुलेटिंग एरिया व आउटर क्षेत्र में गहन चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान की तलाशी ली गई।
अभियान में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, मेहरबान सिंह व अशोक कुमार सहित जीआरपी और आरपीएफ के जवान शामिल रहे। टीम ने कालपी स्टेशन पर ठहरने वाली अप-डाउन मेमो ट्रेनों के साथ-साथ कुशीनगर एक्सप्रेस व साबरमती एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों में भी जांच पड़ताल की। इसके अतिरिक्त उसरगांव, आटा और सरसोकी रेलवे स्टेशनों पर भी गश्त कर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यात्रियों को हिदायत दी गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत जीआरपी या आरपीएफ को दें और अनजान सामान को हाथ न लगाएं। चौकी इंचार्ज संजना सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और आगे भी नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा, ताकि यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।
फोटो परिचय- चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफार्म पर जांच करती जीआरपी टीम
Post a Comment