बाईपास तिराहे पर हादसा, युवक की मौत, लोडर चालक पर केस दर्ज


कालपी (जालौन)। बाईपास हाईवे स्थित अमलतास तिराहे के पास हुए सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
 प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हीरापुर निवासी कालीचरण ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि 22 फरवरी 2026 की दोपहर उसका पुत्र नरेश (18) अपने चचेरे भाई संदीप (19) के साथ अमलतास तिराहे के समीप सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर किसी परिचित का इंतजार कर रहा था। 
आरोप है कि इसी दौरान कानपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर संख्या यूपी 92 टी 7880 के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक मोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल संदीप को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर नामजद लोडर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post