होली-रमजान को लेकर प्रशासन सख्त, एसडीएम-सीओ ने शराब ठेकों का किया निरीक्षण

:

माधौगढ़ (जालौन)। होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अम्बुज सिंह,  आबकारी निरीक्षक आजाद कुमार एवं प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू ने माधौगढ़, रामपुरा व ऊमरी समेत क्षेत्र की समस्त देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, मूल्य सूची, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य अभिलेखों की गहन जांच की और दुकानदारों को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि होली में किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अवैध शराब की बिक्री या ओवररेटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अम्बुज सिंह ने कहा कि दोनों पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं और अफवाहों से दूर रहें। प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना होने पर तत्काल कोतवाली में संपर्क करें, समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।
आबकारी निरीक्षक आजाद कुमार एवं उनकी टीम ने भी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि निर्धारित समय सीमा के बाहर बिक्री न करें, नाबालिगों को शराब न दें तथा अवैध गतिविधियों से दूर रहें। पर्व को देखते हुए लगातार चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही गई।
अधिकारियों ने माधौगढ़ नगर, रामपुरा नगर, ऊमरी नगर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में फुट मार्च कर शांति एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post