जालौन ब्लॉक कार्यालय परिसर में मचा हड़कंप, रिश्वतखोरी के आरोप को लेकर हंगामा

(स्नेहलता रायपुरिया) 
उरई(जालौन)। जालौन ब्लॉक कार्यालय परिसर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब रिश्वतखोरी के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार ब्लॉक परिसर में कई ग्राम प्रधानों के भुगतान को लेकर 15 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया गया है।

बताया जा रहा है कि जिन प्रधानों ने कथित रूप से 15 प्रतिशत कमीशन नहीं दिया, उनके भुगतान को रोक दिया गया, जिससे नाराज प्रधान प्रतिनिधियों ने ब्लॉक परिसर में विरोध जताया और हंगामा शुरू हो गया।
मामले में एक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और ब्लॉक की एक महिला लेखाकार के बीच लगभग पांच लाख रुपये की रिश्वत को लेकर विवाद सामने आया है। प्रधान प्रतिनिधि का आरोप है कि विकास कार्यों के भुगतान से पहले 15 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है, तभी भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।

सूत्रों के मुताबिक विवाद के दौरान टेबल पर रखे करीब पांच लाख रुपये एक व्यक्ति उठाकर मौके से फरार हो गया। बताया यह भी जा रहा है कि ब्लॉक परिसर से बाहर निकलते समय उस व्यक्ति ने रास्ते में कुछ रुपये उड़ा दिए, जिससे पूरे नगर में यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। जब इस संबंध में ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो अधिकांश कर्मचारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप की जांच किस तरह करता है और यदि रिश्वतखोरी की पुष्टि होती है तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है।फिलहाल जालौन कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है। 
फोटो परिचय- ब्लाक परिसर में कमीशनबाजी को लेकर बबाल

Post a Comment

Previous Post Next Post