-पुलिस भर्ती परीक्षा में प्रत्येक पाली में 2400 अभ्यर्थी होंगे शामिल, हर केंद्र पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
--14-15 मार्च को 09 केंद्रों पर होगी परीक्षा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ 200 मीटर दायरे में साइबर कैफे व फोटोस्टेट दुकानें रहेंगी बंद
(हिमांशु खरकया)
जालौन।जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, पारदर्शिता और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कज कि परीक्षा का आयोजन 14 एवं 15 मार्च 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा।
जनपद में इसके लिए कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर प्रत्येक पाली में 2400 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, कुल अभ्यर्थी 9,600 शामिल होंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक तथा रिजर्व स्टाफ की तैनाती की गई है। साथ ही सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और व्यवस्थित रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सुव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी व सहायता उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में स्थित सभी साइबर कैफे, फोटोस्टेट एवं प्रिंटिंग की दुकानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता बनी रहे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी अवनीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Post a Comment