मनरेगा मजदूरों और संविदा कर्मियों का लंबित भुगतान मुद्दा बना, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन


( हिमांशु खरकिया) 
उरई(जालौन)। जिले में मनरेगा मजदूरों तथा संविदा कर्मियों के लंबित भुगतान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सीडीओ कुमदेंन्द्र कलाकर सिंह के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए बकाया धनराशि तत्काल जारी करने की मांग की।

 कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविन्द सेंगर और वरिष्ठ नेता कमल दोहरे के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि मनरेगा मजदूरों की मजदूरी पिछले 75 दिनों से लंबित है, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, प्रदेशभर के करीब 40 हजार रोजगार सेवकों और अन्य संविदा कर्मियों का मानदेय भी पिछले आठ माह से नहीं मिला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भुगतान न होने से कर्मियों के परिवारों के भरण-पोषण का संकट गहरा गया है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक आंदोलन करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी की। सीडीओ ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे उच्च स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्वजिलाध्यक्ष चौधरी श्यामसुन्दर,फूल सिंह राठौर, रामकिशोर पुरोहित, गोल्डी अवस्थी, अनिल यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो परिचय- सीडीओ को ज्ञापन देते कांग्रेसी

Post a Comment

Previous Post Next Post