हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, गेहूं की फसल जलकर नष्ट


-प्रभावित किसान को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू
( कैफ रजा )
कालपी(जालौन)। तहसील क्षेत्र के ग्राम खुटमिली में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर खेतों में गिरने से खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे किसान की मेहनत पल भर में राख हो गई। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।

  कदौरा ब्लॉक के ग्राम खुटमिली निवासी 80 वर्षीय किसान मुलुवा पुत्र दीनदयाल के खेत (गाटा संख्या 320, रकबा लगभग 1.684 हेक्टेयर) में खड़ी गेहूं की फसल हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से जलकर नष्ट हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल एवं राजस्व कर्मियों द्वारा मौके पर जांच में विद्युत तार टूटकर गिरने से आग लगने की पुष्टि की गई है। घटना में किसान को करीब 60 हजार रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी के माध्यम से जांच आख्या विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र नाथ भारती, उपजिलाधिकारी तथा प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा को प्रेषित कर दी गई है।उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रशासन पीड़ित किसान को शासन की ओर से अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने के लिए गंभीरता से कार्यवाही कर रहा है, ताकि नुकसान की भरपाई में उसे राहत मिल सके।
फोटो परिचय- बिजली विभाग की लापरवाही जली गेहूं की फसल

Post a Comment

Previous Post Next Post