-मुख्य सेविका पद पर चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए
उरई(जालौन)। जनपद जालौन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। रविवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में मुख्यमंत्री के लखनऊ स्थित कार्यक्रम पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया, जहाँ महिलाओं को सम्मान और रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और मेधावी बालिकाओं को सम्मानित करके उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनुरागी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज की प्रगति अधूरी है। सरकार द्वारा कन्या सुमंगला योजना सहित कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के जीवन को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। वहीं, विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि पिंक रोजगार महाकुंभ जैसे आयोजन महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उनमें आत्मविश्वास जगाने का काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
फोटो परिचय- नियुक्ति पत्र वितरित करते जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनुरागी
Post a Comment