कालपी (जालौन)। शनिवार को गल्ला मंडी कालपी के नीलामी चबूतरे पर भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत प्रगतिशील कृषक सत्येंद्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पंचायत में क्षेत्र के किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और समाधान की मांग उठाई।
बैठक के बाद किसान यूनियन के पदाधिकारी और किसान तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह को सात सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के तहसील अध्यक्ष राजू सिंह मलथुआ ने बताया कि महेवा ब्लॉक के भिटारी, मलथुआ, दमरास, अवैदेपुर, नियामतपुर सहित कई गांवों में सिंचाई के लिए तरसोर रजवाहा में पर्याप्त पानी नहीं चल रहा है, जिससे गेहूं सहित अन्य फसलें सूखने की स्थिति में हैं। किसानों ने रजवाहा में पानी का गेज बढ़ाने की मांग की। किसानों ने यह भी कहा कि सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है, जिससे नलकूपों का संचालन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि कम से कम 18 घंटे तक लगातार बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाए, ताकि फसलों की सिंचाई सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा किसानों ने गेहूं, चना, मटर, मसूर और लाही की सरकारी खरीद केंद्रों पर पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने, दलालों की भूमिका समाप्त करने तथा वारदाना और परिवहन वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग भी की। किसानों ने बताया कि कई बार किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कई दिनों तक खरीद केंद्रों पर इंतजार करते रहते हैं। ज्ञापन में खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय और किसान भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गांवों में खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कराकर पेयजल संकट दूर करने की मांग भी की गई। इस दौरान पंचायत में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाया।
फोटो परिचय-नारेबाजी कर ज्ञापन देने जाते किसान नेता
Post a Comment