कालपी (जालौन)। शनिवार को तहसील सभाकक्ष में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे। समाधान दिवस में क्षेत्र से आए फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 16 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं, जिनमें से 2 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक 7 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जबकि अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से जुड़ी हुई थीं। अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मौके पर जाकर गुणवत्ता के साथ समस्याओं का निराकरण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए, ताकि समस्याओं का निष्पक्ष समाधान हो सके। इस अवसर पर तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला, राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह सेंगर, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी, जल संस्थान के अवर अभियंता वासित अली, स्टैनो सलीम खान, तहसील के प्रशासनिक अधिकारी धीरज पुरवार सहित कदौरा, आटा व चुरखी थानों के प्रभारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय- समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
Post a Comment