- तीन दिवसीय अभियान के तहत लोगों को बांटे हेलमेट, नियमों के पालन का संदेश
उरई (जालौन)। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कालपी रोड स्थित जीवन ज्योति चंद्र कमल अकादमी की ओर से यातायात पुलिस के साथ शहीद भगत सिंह चौराहे पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सीओ यातायात राजीव कुमार शर्मा एवं प्रभारी यातायात वीर बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में बताया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान 50 लोगों को हेलमेट वितरित किए गए, साथ ही जागरूकता पंपलेट भी बांटे गए। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का जरूरी साधन है। यातायात प्रभारी ने बताया कि यह तीन दिवसीय अभियान है, जिसके तहत आगे भी हेलमेट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुभव निरंजन ने कहा कि समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की जरूरत है और इस तरह के प्रयास लोगों को सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करते हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे अभियान के चलते जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है और प्रदेश स्तर पर जालौन का स्थान बेहतर बना हुआ है।
फोटो परिचय- हेलमेट बांटते सीओ राजीव कुमार शर्मा
Post a Comment