-शांतिपूर्ण माहौल में अदा हुई नमाज, सौहार्द की मिसाल बना जनपद
(हिमांशु खरकिया)
उरई(जालौन)। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जनपद में पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रहा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई, कालपी एवं जालौन नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ईदगाहों एवं संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं सतत रूप से सुचारु बनी रहें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ईदगाहों पर मौजूद अधिकारियों एवं पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए, साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बनाए रखने तथा अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
जनपद में ईद का पर्व पूरे हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे एवं गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों एवं मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, जहां नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश दिया।
Post a Comment