जालौन।मजदूर भवन कार्यालय, उरई में आज दिनांक 6 मार्च 2026 को वामपंथी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ वाम नेता कामरेड सुधीर अवस्थी ने की, जिसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भाकपा (माले) और माकपा सहित सभी वाम दलों के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से कामरेड राजीव कुशवाहा, कामरेड रामकिशोर गुप्ता, कामरेड राम सिंह चौधरी, कामरेड रामऔतार दोहरे, कामरेड विनय पाठक, कामरेड भारत सिंह और कामरेड देवेश चौरसिया उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में वैश्विक मुद्दों पर चिंता व्यक्त की।
अमेरिका-इजराइल के हमले का विरोध
बैठक में वामपंथी मोर्चा के राज्य व्यापी आवाहन पर चर्चा करते हुए अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हालिया हमले की कड़ी निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस हमले में सैकड़ों निर्दोष बच्चों का नरसंहार हुआ है, जो मानवता के लिए कलंक है। वाम नेताओं ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों की धज्जियाँ उड़ाने वाला कृत्य बताया और तत्काल युद्ध विराम की मांग की।
10 मार्च को निकलेगा शांति मार्च
इस नरसंहार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने और युद्ध रोकने की मांग को लेकर वामदलों ने एक शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया है। यह मार्च 10 मार्च 2026, दिन मंगलवार को सुबह 11 बजे अंबेडकर चौराहे से शुरू होगा।
मार्च जिला मुख्यालय की ओर निकालेगा, जो जिलाधिकारी कार्यालय पर समाप्त होगा। प्रदर्शनकारी वहां जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित एक ज्ञापन सौंपेंगे, जिसमें ईरान पर हमले को रोकने और शांति बहाल करने की मांग की जाएगी।
बैठक के अंत में कामरेड सुधीर अवस्थी ने सभी वामपंथी कार्यकर्ताओं से 10 मार्च को होने वाले इस शांति मार्च में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
Post a Comment